-लोग करें सुरक्षा निर्देशों का पालन, डीआरडीओ हाई-पावर बम का करने जा रहा टेस्ट चंडीगढ़,(ईएमएस)। हरियाणा के पंचकूला जिले में रामगढ़ रेंज के पास रहने वाले लोगों को रविवार को घर में ही रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) इस सुविधा केंद्र पर एक हाई-पावर बम का टेस्ट करने जा रहा है। यह ट्रायल टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी द्वारा किया जाएगा। यह डीआरडीओ की एक प्रमुख प्रयोगशाला है जो गोला-बारूद, विस्फोटक और हथियार प्रणालियों के परीक्षण और मूल्यांकन में विशेषज्ञता रखती है। एहतियात के तौर पर स्थानीय अधिकारियों से कहा गया है कि वे टेस्टिंग रेंज के पास स्थित गांवों के लोगों को सचेत करें। लोगों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित टेस्टिंग समय में अपने घरों के अंदर ही रहें और खुले इलाकों में जाने से बचें। प्रशासन ने जोर देकर कहा है कि यह अभ्यास रक्षा से जुड़ा एक नियमित टेस्ट है और इसमें घबराने की बात नहीं। लोगों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे अफ़वाहों पर ध्यान न दें और अधिकारियों द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक डीआरडीओ वैज्ञानिकों द्वारा साझा की गई जानकारी के मुताबिक ट्रायल के दौरान होने वाला धमाका इतना ज़ोरदार हो सकता है कि बम के टुकड़े हवा में 1.5 किलोमीटर तक दूर जा सकते हैं। अधिकारियों ने धमाके वाली जगह के करीब दो किलोमीटर के दायरे को टुकड़ों से होने वाले ख़तरे वाले इलाके के रूप में भी घोषित किया है। टेस्टिंग में प्रतिबंधित इलाकों में प्रवेश पर कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि आम लोगों की सुरक्षा तय की जा सके। पूरी टेस्टिंग प्रक्रिया कड़े सुरक्षा नियमों के तहत की जाएगी और भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी निगरानी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि यह तय करने के लिए व्यापक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं कि ट्रायल सुरक्षित रूप से हो और आस-पास के समुदायों पर इसका कोई बुरा असर न पड़े। पंचकूला के उपायुक्त को भेजे गए एक संदेश में, टीबीआरएल के टेक्नोलॉजी डायरेक्टर ने अनुरोध किया कि भानु और बिल्ला गाँवों के लोगों को टेस्ट के दौरान घर के अंदर रहने का निर्देश दिया जाए। सिराज/ईएमएस 30मई26