30-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा-पश्चिम से माह मई में वरिष्ठ पर्यवेक्षक देवी प्रसाद साहू, कनिष्ठ पर्यवेक्षक दादू सिंह एवं मुख्य सुरक्षा सैनिक राजकुमार पाटकर सेवानिवृत्त हो गए। सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को पाॅवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष मुख्य अभियंता एच.के. सिंह ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए पाॅवर कंपनी की ओर से आभार जताया। मुख्य अभियंता एच.के. सिंह के हाथों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृतिचिह्न व सेवा प्रमाण-पत्र भेंट किया गया। समारोह में विशिष्टि अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, ए.के. शाह, आर.के. पांडे, के.एन.बी. राव, एस.के. नायर और परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रम कल्याण केंद्र (जूनियर क्लब) में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में मुख्य अभियंता एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ व सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा अपने 28 से 40 वर्षाें के दीर्घ कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीवन परिचय का उल्लेख किया गया। दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे। - 30 मई