30-May-2026
...


ब्यावरा (ईएमएस)l गत दिवस सुठालिया नगर में गहराते पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद पहुंचकर सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने नगर की खराब पेयजल व्यवस्था पर चिंता जताते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि नगर के कई हैंडपंप बंद पड़े हैं, जबकि अधिकांश ट्यूबवेल भी सूखने लगे हैं। ऐसे में लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वार्ड क्रमांक 2 और 6 में जल संकट की स्थिति सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिन वार्डों में पानी की ज्यादा समस्या है वहां नए ट्यूबवेल करवाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। कांग्रेस का कहना है कि यदि नगर में पेयजल संकट का स्थाई समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। - निखिल/ब्यावरा/30/5/2026