30-May-2026
...


-पति के साथ सेंट्रल टैंक पर बेंच पर बैठ हाथों में हाथ डालकर फोटो कराया शूट आगरा,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प ने शनिवार को मुगल बादशाह के बनवाए मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार किया। होटल अमर विलास पहुंचते ही, उन्होंने पहले ताजमहल देखने की इच्छा जताई। सुरक्षा एजेंसियों ने इस पर तत्काल उनकी विजिट की व्यवस्था की। टिफनी ने ताजमहल को अद्भुत और अनोखा बताया और कहा कि दुनिया में इसकी कोई मिसाल नहीं। बता दें निजी यात्रा पर आईं टिफनी के साथ उनके पति माइकल बाउलस भी आए हैं। दोनों ने सेंट्रल टैंक पर बेंच पर बैठकर हाथों में हाथ डालकर फोटो शूट कराया। टिफनी चार्टर्ड प्लेन से शनिवार सुबह दिल्ली से खेरिया एयरपोर्ट पर उतरीं। यहां से वह ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित होटल अमर विलास पहुंची। उनका लंच के बाद शाम पांच बजे ताजमहल देखने का कार्यक्रम था। होटल पहुंचने के बाद गायक व मॉडल टिफनी ने लंच से पहले ताजमहल देखने की इच्छा जता दी। इस पर तुरंत ताजमहल जाने की व्यवस्था की गई। रिपोर्ट के मुताबिक टिफनी सुबह 11:50 पर ताजमहल पहुंचीं। फोरकोर्ट से ताजमहल नजर आते ही वह उसकी खूबसूरती देखकर बहुत खुश नजर आईं। गाइड ने उन्हें शाहजहां द्वारा मुमताज की याद में ताजमहल बनवाने, ताजमहल का निर्माण 22 सालों में 20 हजार मजदूरों द्वारा करने, औरंगजेब द्वारा शाहजहां को आगरा किला में बंदी बनाने और वहीं उसकी मौत होने की जानकारी दी। टिफनी ने पूछा कि ताजमहल के निर्माण को संगमरमर कहां से आया था। गाइड ने मकराना से संगमरमर आने की जानकारी दी। विजिट के दौरान टिफनी के पति बाउलस ने भी इतिहास में काफी रुचि दिखाई। वह करीब 50 मिनट तक ताजमहल में रहीं और 12:40 बजे होटल अमर विलास लौट गईं। बता दें टिफनी डोनाल्ड ट्रंप और उनकी दूसरी पत्नी मार्ला मैपल्स की इकलौती बेटी हैं। वह सिंगर हैं। सिराज/ईएमएस 30मई26