लखनऊ (ईएमएस)। मानसून के आगमन से पहले देश के कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी मौसम में देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वर्षा सामान्य से कम रहने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी की आशंका जताई है। आईएमडी ने कहा कि केरल में अगले सात दिनों के भीतर मानसून के पहुंचने की संभावना है। इसमें आगे कहा गया है कि जून से सितंबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान भारत में मौसमी वर्षा दीर्घकालिक औसत (एलपीए) का लगभग 90 प्रतिशत रहने की संभावना है, जिसमें मॉडल त्रुटि 4 प्रतिशत तक हो सकती है। आईएमडी ने बारिश के साथ आंधी को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश में आईएमडी ने अगले दो दिनों में राज्यभर में व्यापक बारिश और आंधी का अनुमान जताते हुए तेज हवाएं, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम के कारण राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ। सहारनपुर में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों से तेज जल प्रवाह देखने को मिला। लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत 20 जिलों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलीं व भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा कि एक जून से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है और तीन तथा चार जून को उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.1 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बस्ती में 3.0 मिमी, गोरखपुर में 2.1 मिमी, आजमगढ़ में 0.8 मिमी और झांसी में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 31 मई को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं। वहीं, एक जून को भी कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दो जून से चार जून तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है तथा इस अवधि के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि पांच जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है। जितेन्द्र 30 मई 2026