राज्य
30-May-2026
...


:: रजनी नरवले ने कठिन परिस्थितियों में बेटी सोनाली को दिलाई उच्च शिक्षा, अब नगर निगम के आईईसी अभियान से जुड़कर कर रहीं जागरूक :: इंदौर (ईएमएस)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर की अचूक स्वच्छता व्यवस्था के पीछे हजारों सफाई मित्रों की कड़ी मेहनत, समर्पण और त्याग छिपा हुआ है। इसी व्यवस्था के बीच शहर की एक सफाई कर्मी मां और उनकी शिक्षित बेटी की जोड़ी आज पूरे समाज के लिए स्वच्छता और शिक्षा की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है। नगर निगम की सफाई कर्मी रजनी नरवले ने तमाम कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद हार नहीं मानी और अपनी बेटी सोनाली को उच्च शिक्षा दिलाई। मां के संघर्षों को सार्थक करते हुए सोनाली ने न केवल स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई पूरी की, बल्कि देश के इस सबसे स्वच्छ शहर को और आगे ले जाने का संकल्प भी लिया। :: जन-जागरूकता अभियान में निभा रही सक्रिय भूमिका :: स्नातक करने के बाद सोनाली ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की आईईसी (सूचना, शिक्षा और संचार) गतिविधियों से जुड़कर स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की है। आज यह मां-बेटी की जोड़ी मैदानी स्तर पर एक साथ मिलकर नागरिकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। जहां मां रजनी नरवले हर सुबह शहर को साफ रखने में अपना योगदान देती हैं, वहीं बेटी सोनाली अपनी शिक्षा के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उनके व्यवहार में बदलाव लाने का प्रयास कर रही हैं। नगर निगम प्रशासन ने दोनों के इस अद्वितीय समर्पण और सेवा भावना की भूरि-भूरि सराहना की है। अधिकारियों ने इस जोड़ी को स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की एक अनूठी और प्रेरणादायक मिसाल बताया है। प्रकाश/30 मई 2026