दतिया ( ईएमएस ) | विश्व तंबाकू निषेध दिवस-2026 के तह्त एक सप्ताह तक चलने वाले तंबाकू निषेध सप्ताह में निकोटिन एवं तंबाकू की लत के दुश्चक्र को समाप्त करने हेतु संचालित जागरूकता अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश वॉलेंट्री हेल्थ एसोसिएशन (एम.पी.व्ही.एच.ए.) तथा स्वदेश ग्रामोत्थान समिति के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्टेडियम सभागार दतिया में जागरूकता संगोष्ठी एवं सामूहिक शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी श्री अरविंद सिंह राणा एवं बाल कल्याण समिति के सदस्य एवं विषय विशेषज्ञ श्री रामजीशरण राय के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों, युवाओं एवं उनके परिजनों को तंबाकू एवं निकोटिन उत्पादों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई। संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू उद्योग द्वारा विभिन्न आकर्षक पैकेजिंग, स्वाद एवं आधुनिक स्वरूपों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को तंबाकू उत्पादों की ओर आकर्षित किया जा रहा है। ऐसे में समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर इस प्रवृत्ति का विरोध करना होगा तथा तंबाकू मुक्त भारत स्वस्थ भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। श्री रामजीशरण राय ने तंबाकू नियंत्रण संबंधी विधिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, पुरानी फेफड़ों की बीमारी, स्ट्रोक, तपेदिक, अंधापन तथा बांझपन जैसी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि तंबाकू के विरुद्ध चल रहे जनजागरूकता अभियान में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। मलखम प्रशिक्षक श्री राजेन्द्र तिवारी ने तंबाकू उत्पादों पर अधिक कर लगाए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इनके मूल्य में वृद्धि से बच्चों एवं युवाओं की पहुंच को सीमित किया जा सकता है। सामाजिक कार्यकर्ता श्री अशोक कुमार शाक्य ने राष्ट्रीय तंबाकू परित्याग हेल्पलाइन 1800-11-2356 की जानकारी देते हुए विभिन्न फ्लेवर एवं स्वादयुक्त तंबाकू उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की। स्वदेश संस्था के श्री पीयूष राय ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि मेंटर यूथ क्लब के श्री बलवीर पांचाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। बैडमिंटन कोच श्री प्रयास मित्र ने सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रभावी जनभागीदारी की आवश्यकता बताई। सीनियर खिलाड़ी श्री आदित्य कटारे ने युवाओं के लिए तंबाकू छोड़ने संबंधी परामर्श एवं परित्याग केंद्रों की उपलब्धता तथा उनके सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया। वहीं उप निरीक्षक श्री अजय राय ने शैक्षणिक एवं युवा संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने हेतु कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में श्री यशवंत राव भद्रसेन, श्री विनोद रजक, श्री अभय दांगी, श्री मुदित शाक्य, श्री शिवा राय, श्री शिवम बघेल, श्री उदय दांगी, श्री भूपेन्द्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन श्री पवन यादव द्वारा किया गया। उक्त जानकारी अभियान सहयोगी अशोक कुमार शाक्य द्वारा प्रदान की गई।