30-May-2026
...


- ग्राम चौपाल में पहुंचे कलेक्टर शिवम वर्मा ने सुनीं समस्याएं, चार नई पुलिया और दो तालाबों के निर्माण को दी स्वीकृति इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सुशासन एवं संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था के तहत दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर शिवम वर्मा शुक्रवार रात्रि ग्राम चौपाल कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के दूरस्थ एवं प्राकृतिक वादियों के बीच बसे ग्राम कालाकुंड पहुंचे। प्राकृतिक सौंदर्य और दूध से बने अपने प्रसिद्ध उत्पाद ‘कलाकंद’ के लिए विख्यात इस ग्राम में आयोजित अनौपचारिक चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यकताएं जानीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण सौगातें भी दीं। कलेक्टर शिवम वर्मा ने क्षेत्र की भौगोलिक विशेषताओं और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए कालाकुंड को आदर्श पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां संचालित होमस्टे कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा स्थानीय ग्रामीणों को आवश्यक प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराकर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे उनके रोजगार oars आय में वृद्धि हो सके। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, एसडीएम महू राकेश परमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। - बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती ग्रामीणों की मांग पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कालाकुंड ग्राम पंचायत क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने खंडवा रोड से कालाकुंड ग्राम पंचायत तक आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए चार नई पुलियाओं के निर्माण का प्रस्ताव बनाकर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम में नए आंगनवाड़ी भवन का निर्माण, चोरल नदी पर स्थित 10 स्टॉप डैमों की सफाई कर उनकी जलधारण क्षमता बढ़ाने तथा क्षेत्र में दो नए तालाबों के निर्माण को अपनी स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तालाब निर्माण का कार्य जल्द से जल्द शुरू करने के लिए निर्देशित किया। :: जल संरक्षण पर दिया विशेष जोर :: चौपाल के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्थानीय रहवासियों से चर्चा कर बच्चों के टीकाकरण, शिक्षा की गुणवत्ता, पेयजल की उपलब्धता एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और पर्यावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके माध्यम से जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों को गति दी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री का वितरण भी किया और ग्राम में संचालित होमस्टे व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कालाकुंड के प्राकृतिक सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए यहां जरूरी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना सके। प्रकाश/30 मई 2025