क्षेत्रीय
30-May-2026
...


बलिया (ईएमएस)। यूपी के बलिया जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर शव को गंगा किनारे झाड़ियों में पुल के ऊपर से फेंक दिया। पुलिस ने दो दिन के भीतर इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज दिया है। घटना बलिया कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर पांडे के डेरा के पास की है, जहां बीती 22 मई को गंगा किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए प्रयास शुरू किए थे। दो दिन बाद मृतका की पहचान रेवती थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 13 की रहने वाली प्रीति कुमारी के रूप में हुई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने प्रीति के मायके वालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए मृतका के पति चुन्नीलाल चौरसिया के पड़ोस के रहने वाली उसकी प्रेमिका शोभा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतका के कान और नाक के आभूषण और 1300 रुपये बरामद किए है। जांच के दौरान पुलिस को चुन्नीलाल चौरसिया और शोभा के मोबाइल फोन से अश्लील चैट और वीडियो मिले। इस आधार पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि 22 मई को चुन्नीलाल ने मायके में रह रही अपनी पत्नी प्रीति को यह कहकर जिला चिकित्सालय बुलाया कि उसकी मां की तबीयत खराब है। इसके बाद चुन्नीलाल ने प्रेमिका शोभा के साथ मिलकर प्रीति को पहले ब्यासी पुल के पास गंगा किनारे भेजा। वहां शोभा ने तरल नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पानी पिलाया। बेहोश होने के बाद पीछे से बाईक से आया पति चुन्नीलाल और शोभा ने मिलकर प्रीति का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को बाइक से ले जाकर गंगा किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी पति और उसकी प्रेमिका ने प्रीति के अचानक गायब हो जाने का नाटक करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि चुन्नीलाल अपनी प्रेमिका शोभा को लोगों के सामने मुंहबोली बहन बताता था। पुलिस ने मात्र दो दिन में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति चुन्नीलाल चौरसिया और उसकी प्रेमिका शोभा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जितेन्द्र 30 मई 2026