क्षेत्रीय
30-May-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | अपैक्स बैंक, भोपाल (मध्य प्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल) के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव द्वारा शनिवार को मुरैना प्रवास के दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मुरैना के शाखा प्रबंधकों एवं पैक्स प्रबंधकों की समीक्षा बैठक जिला पंचायत में आयोजित की गई। बैठक में सहकारिता गतिविधियों, ऋण वितरण, ऋण वसूली, सदस्यता महाअभियान, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा किसान हितैषी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी सोसायटी संस्थाएं किसानों से सीधा संवाद करें। किसान अन्नदाता हैं और उनके प्रति हमारा व्यवहार सम्मानजनक एवं आत्मीय होना चाहिए। किसानों से सतत संपर्क स्थापित कर उन्हें सहकारी संस्थाओं से जोड़ने के प्रयास किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसान सदस्यता ग्रहण कर सकें तथा खातेदार बन सकें। बैठक के दौरान प्रशासक श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय-सीमा में अधिक से अधिक कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित वसूली प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शाखा स्तर पर ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने, सीबीएस एवं डिजिटल सेवाओं के प्रचार-प्रसार तथा साइबर सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। प्रशासक श्री यादव ने वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट के परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “ईंधन बचाओ, ऊर्जा बचाओ” संदेश का उल्लेख करते हुए सहकारिता एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण के प्रति सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कार्यालयों एवं संस्थाओं में विद्युत एवं संसाधनों के संयमित उपयोग पर विशेष बल दिया। बैठक में मुख्यमंत्री कृषक कल्याण योजनाओं, शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण वितरण, सदस्यता अभियान एवं हरित सहकार अभियान की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। प्रशासक श्री यादव ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना शासन की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक अधिकारी को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना चाहिए। उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत बैंक एवं पैक्स स्तर पर पौधरोपण तथा स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि 5 जून को प्रत्येक सोसायटी में कम से कम 11 पौधे लगाए जाएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए 10 किसानों का सम्मान किया जाए तथा सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाया जाए। उन्होंने शाखाओं में स्वच्छता, अभिलेख संधारण एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मुरैना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमल मकासरे, वरिष्ठ अधिकारीगण, शाखा प्रबंधक, पैक्स प्रबंधक एवं बैंक कर्मचारी उपस्थित रहे।