मंडला (ईएमएस)। मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। थाना बीजाडांडी क्षेत्र के ग्राम उदयपुर में जियो पेट्रोल पंप के पास दवाइयों से भरे ट्रक और एक ट्रॉला की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में सड़क पर दवाएं बिखर गईं और ट्रॉला अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे उतर गया। जानकारी के अनुसार, जबलपुर से दवाइयां और मेडिकल उपकरण लेकर आ रहा ट्रक मंडला की ओर से आ रहे एक खाली ट्रॉला से टकरा गया। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गए, जिससे यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दवाइयों और मेडिकल उपकरणों से भरे ट्रक का सारा सामान सड़क पर बिखर गया। वहीं, ट्रॉला सड़क छोड़कर पुलिया से नीचे उतर गया और लगभग 5 से 6 पेड़ों को तोड़ते हुए जंगल में जा घुसा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिता कुडापे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और यातायात व्यवस्था को बहाल किया गया, जिससे आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो सका। हादसे में ट्रॉला चालक को चोटें आने की जानकारी मिली है। हालांकि, वह उसी कंपनी के पीछे आ रहे एक अन्य ट्रक से तुरंत जबलपुर की ओर रवाना हो गया। इस कारण उसकी चोटों की गंभीरता और अन्य विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल, बीजाडांडी पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/मोहने/30 मई 2026