30-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 के बंजारी घाट पर शुक्रवार को सरिए से भरा ट्रक पलट गया। ट्रक ने पुलिस वाहन सहित कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पहले सरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रक में भरी सरिया सड़क पर बिखर गई। इससे हाईवे पर जाम लग गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सिंह सैयाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गए। इसी दौरान, हाईवे से गुजर रहा एक अन्य ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे। ब्रेक फेल होने के कारण इस ट्रक ने सड़क किनारे खड़े पुलिस के बोलेरो वाहन सहित अन्य गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त एक महिला और पुरुष अपनी बाइक से उतरकर रास्ता साफ होने का इंतजार कर रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक को अपनी ओर आता देख महिला ने बचने का प्रयास किया, लेकिन वह उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। महिला की पहचान कांसखेड़ा निवासी प्रेमवती यादव (55) के तौर पर हुई है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक का पीछा किया और अंजनिया के पास से उसे पकड़ लिया। इस हादसे में बिछिया पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है। पुलिस ने क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे से हटाकर यातायात बहाल कराया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस अब ट्रक चालक से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। ईएमएस/मोहने/30 मई 2026