राजगढ़(ईएमएस)l जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 पर सारंगपुर-पचोर के बीच शनिवार दोपहर एक ट्राले में आग लग गई। गुजरात से बनारस जा रहे इस ट्राले का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मेवात (हरियाणा) निवासी ट्राला चालक सद्दाम गुजरात के हलवल से एल्यूमिनियम तार लेकर बनारस जा रहा था। उदनखेड़ी के पास पहुंचते ही उसे वाहन की वायरिंग जलने की बदबू आई और धुआं दिखने लगा। सद्दाम ने तुरंत ट्राला सड़क किनारे रोककर नीचे उतर गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्राले के टायरों सहित अगला हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही उदनखेड़ी चौकी और पचोर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर राजमार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया और वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी। पचोर नगर पालिका से दमकल वाहन बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग ट्राले के पीछे लदे माल तक नहीं फैल सकी। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ट्राले के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण वायरिंग में खराबी बताया जा रहा है। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर घटना की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद नुकसान और कारणों का विस्तृत आकलन किया जाएगा। निखिल