30-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)। वन्यजीव संरक्षित क्षेत्रों के बाहर सामान्य वनमंडलों एवं निगम क्षेत्रों में वन्यजीव अनुश्रवण कार्य को अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आज दिनांक 30/05/2026 को श्री रविन्द्र मणि त्रिपाठी क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व मंडला के मार्गदर्शन मे इको सेंटर, खटिया में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उत्तर बालाघाट, दक्षिण बालाघाट, पूर्व मंडला, पश्चिम मंडला, डिंडोरी वनमंडल तथा लामटा परियोजना सहित कुल 7 वनमंडलों के परिक्षेत्र अधिकारियो एवं कंप्यूटर ऑपरेटरो सहित 70 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यशाला के आरम्भ मे स्वर्गीय डॉ. एच. एस. पंवार (सेवानिवृत वन अधिकारी) के दुखद निधन के फलस्वरूप उनके वन्यजीव संरक्षण मे योगदान को याद करते हुए 2 मिनट का मौन धारण किया गया एवं आत्मा कि शान्ति के लिए प्रार्थना कि गई। कार्यशाला के दौरान वन क्षेत्रों में वन्यजीव अनुश्रवण एवं गश्ती कार्य को अधिक प्रभावी बनाने हेतु एम-स्ट्राइप (M-STrIPES) पेट्रोलिंग मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से वन्यजीव निगरानी एवं डाटा प्रविष्टि संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में कंप्यूटर ऑपरेटरों को मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से संकलित डाटा को कंप्यूटर पर अपलोड कर उसकी समीक्षात्मक रिपोर्ट तैयार करने तथा परिक्षेत्र अधिकारियों को उक्त डाटा के विश्लेषण एवं उपयोग संबंधी जानकारी दी गई। इसके उपरांत फील्ड मे पैदल भ्रमण कराकर मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग करवाया गया एवं शंकाओ का समाधान किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत संबंधित परिक्षेत्र अधिकारी अपने-अपने वनमंडलों में अधीनस्थ अमले को प्रशिक्षित कर वन क्षेत्रों में एम-स्ट्राइप एप्लीकेशन आधारित गश्ती योजना को प्रभावी रूप से लागू करेंगे। कार्यशाला में श्री अजिंक्य देशमुख, फील्ड बायोलॉजिस्ट एवं श्री राजेश ठाकरे, कंप्यूटर प्रोग्रामर, कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करते हुए मोबाइल एप्लीकेशन के संचालन एवं उपयोगिता की विस्तृत जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि कान्हा टाइगर रिजर्व सहित प्रदेश के समस्त वन्यजीव संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीव अनुश्रवण का कार्य एम-स्ट्राइप मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से किया जाता है, जिसकी मासिक जानकारी भोपाल मुख्यालय एवं नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) को प्रेषित की जाती है। कार्यशाला के दौरान श्री प्रकाश कुमार वर्मा उप संचालक, कान्हा टाइगर रिजर्व द्वारा एम-स्ट्राइप पेट्रोलिंग के महत्व एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया साथ ही केनाइन डिस्टेंम्पर वायरस के संक्रमण के कारण एवं उसको रोकने के प्रयास के विषय मे भी जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर श्री आशीष पाण्डेय, सहायक संचालक सिझोरा श्री हर्ष मेघवाल सहायक वन संरक्षक एवं श्री अभिषेक दुबे, परिक्षेत्र अधिकारी खटिया उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/30 मई 2026