क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- गरिमामय समारोह के बीच नगर निगम के सात कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त कटनी (ईएमएस)। वर्षों तक नगर सेवा में समर्पित भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले नगर निगम के सात कर्मचारियों को शुक्रवार को भावपूर्ण वातावरण में सम्मान पूर्वक विदाई दी गई। निगम के एम.आई.सी. कक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी जीवन की कामना की। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में जल प्रदाय शाखा के सहायक वर्ग-2 श्री प्रेमलाल चौधरी, राजस्व विभाग के ए.आर.आई. श्री महेश पटेल, सामान्य प्रशासन विभाग के श्री भजनलाल यादव तथा स्वास्थ्य विभाग के सफाई संरक्षक श्री महेश, श्रीमती लीला, श्रीमती द्रोपती एवं श्रीमती गंगा शामिल रहे। इन सभी कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं प्रदान कर नगर निगम की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य श्रीमती बीना संजू बैनर्जी एवं श्री उमेंद्र अहिरवार, डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू शिब्बू, पार्षद श्री मौसुफ बिट्टू तथा श्री लव साहू, रेखा संजय तिवारी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का श्रीफल, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिन्ह एवं तुलसी का गमला भेंट कर सम्मान किया। सभी ने उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए जीवन के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के दौरान निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने साथियों का तिलक-वंदन एवं पुष्प मालाओं से स्वागत कर उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त की। भावुक माहौल के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए निगम परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नगर निगम अपने कर्मचारियों के योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण करता है और सेवानिवृत्ति को एक नई शुरुआत के रूप में देखता है। ईएमएस/मोहने/ 30 मई 2026