- विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह : मिनी मैराथन, प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से दिया नशामुक्ति का संदेश ग्वालियर ( ईएमएस ) । विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा आज खेल परिसर कंपू से कटोराताल तक मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी हाथों में नशामुक्ति एवं तंबाकू विरोधी संदेश लिखी तख्तियां और स्लोगन लेकर चल रहे थे तथा आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दे रहे थे। मिनी मैराथन का शुभारंभ संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर खेल विभाग के खेल अधिकारी श्री जोसेफ एवं रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इसके पश्चात प्रातः 11 बजे बाल भवन परिसर में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गंगा जगतगुरु धाम अखाड़ा परिषद के संस्थापक श्री आनंदेश्वर महाराज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त कलेक्टर श्री विनोद सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री आनंदपाल सिंह भदौरिया (गायत्री परिवार), आदर्श दीदी (ब्रह्माकुमारी), जिला अस्पताल प्रभारी डॉ. रश्मि मिश्रा, तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ सिंघई तथा शिक्षा विभाग के आफाक हुसॆन एवं रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसकी आकर्षक प्रस्तुति खुशी परवानी द्वारा दी गई। इसके बाद सीमा सोनी एवं उनकी टीम ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमुदाय को जागरूक किया। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं स्वागत उद्बोधन रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी वर्गों को मिलकर जनजागरण अभियान चलाना होगा। मुख्य अतिथि श्री आनंदेश्वर महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि नशा युवाओं की जड़ों को खोखला कर रहा है। हम सभी को मिलकर इस नशा रूपी राक्षस का समूल नाश करना होगा और युवा पीढ़ी को संस्कार, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर करना होगा। अध्यक्षीय उद्बोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने कहा कि नशे के खिलाफ समाज और प्रशासन की संयुक्त भागीदारी ही इस समस्या का स्थायी समाधान है। वहीं संयुक्त कलेक्टर विनोद सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भी तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त समाज निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गे। कार्यक्रम का संचालन धर्मेन्द्र सेंगर ने तथा उपस्थित लोगों का आभार सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पूर्वी अग्रवाल ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा पूनम शाक्य, रुकमणी अग्रवाल, गिर्राज सिंह, रामदास माहॊर,अभिलाषा श्रीवास्तव, हिमांशु माहॊर, आकाश खरे, रामकुमार मीणा, राजकुमार आर्य सहित स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, रमन शिक्षा समिति, अहिंसा बाल कल्याण समिति सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।