क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और महापौर भार्गव ने किया शुभारंभ, फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित इंदौर (ईएमएस)। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के 301वें जन्मोत्सव के अंतर्गत ऐतिहासिक गांधी हॉल में नगर निगम इंदौर एवं संस्था अवाम भारत द्वारा आयोजित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का गरिमामय शुभारंभ किया गया। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, भाजपा इंदौर संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला एवं एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। प्रदर्शनी में इंदौर की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक और सामाजिक विरासत को बेहद आकर्षक और सजीव रूप में प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने इस अनूठे आयोजन की भूरि-भूरि सराहना की। अतिथियों ने कहा कि यह कलात्मक प्रदर्शनी नई पीढ़ी को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के सेवाभावी आदर्शों, कुशल प्रशासनिक क्षमता और उनके अविस्मरणीय योगदान से परिचित कराने का एक अत्यंत सराहनीय और महत्वपूर्ण प्रयास है। ऐसे आयोजन मां अहिल्या के जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के साथ-साथ इंदौर की वैश्विक पहचान को और सशक्त बनाते हैं। - छायाचित्रों में दिखी शहर की विकास यात्रा इस अवसर पर अतिथियों द्वारा “हमारा इंदौर” विषय पर आयोजित की गई विशेष फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं के नामों की आधिकारिक घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया गया। कड़े मुकाबले के बीच प्रतियोगिता में कुलदीप केलवा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राशि जैन ने द्वितीय और अंशुल वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी अतिथियों ने विजेताओं को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। इस प्रतियोगिता में शहर के अनेक प्रतिभावान छायाकारों ने हिस्सा लिया था। प्रदर्शनी में इंदौर की अद्वितीय स्वच्छता, ऐतिहासिक धरोहरों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य और तेजी से आगे बढ़ती विकास यात्रा को कैमरों में कैद करने वाले उत्कृष्ट छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया है। प्रतियोगिता के अन्य उत्कृष्ट प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार से नवाजा जाएगा। शहर के प्रबुद्ध जनों और कलाप्रेमियों के अवलोकन के लिए यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक गांधी हॉल में निःशुल्क खुली रहेगी। प्रकाश/30 मई 2026