क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- पुलिस गिरफ्त में आरोपी। शाजापुर (ईएमएस)। थाना मो. बड़ोदिया पुलिस ने एक नाबालिग बालिका का अपहरण करने वाले मुख्य आरोपी को पनाह देने के आरोप में काफी समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य अपहरणकर्ता को पहले ही पकड़ लिया था, जबकि उसे शरण देने वाला उसका रिश्तेदार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था, जिसे अब गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 6 मई 2026 को मो. बड़ोदिया थाने में एक फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी बीती शाम अपनी मां को खेत से बुलाने के लिए घर से निकली थी, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 9 मई 2026 को राजगढ़ जिले के ग्राम धतरावदा में दबिश दी। यहां पुलिस ने आरोपी लोकेंद्र सिंह पिता बाबू सिंह राजपूत के कब्जे से अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया था। यह कार्रवाई लोकेंद्र के मौसा कमल सिंह के घर पर की गई थी। उस वक्त पुलिस ने मुख्य आरोपी लोकेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया था। अपहृत बालिका ने पुलिस को दिए अपने बयानों में खुलासा किया था कि आरोपी लोकेंद्र ने उसे अपने मौसा कमल सिंह पिता शंभू सिंह राजपूत, निवासी ग्राम धतरावदा, जिला राजगढ़ के घर पर रखा था। पुलिस के अनुसार, घटना की पूरी जानकारी होने के बावजूद कमल सिंह ने न सिर्फ नाबालिग बालिका और आरोपी को अपने घर में पनाह दी, बल्कि पुलिस को भी इसकी कोई सूचना नहीं दी। इस प्रकार उसने मुख्य आरोपी के आपराधिक कृत्य में उसका पूरा सहयोग किया। बालिका के बयानों और मामले के खुलासे के बाद से ही आरोपी मौसा कमल सिंह फरार चल रहा था। पुलिस की टीम उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। अंततः 30 मई शनिवार को को पुलिस ने फरार आरोपी कमल सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद सिंह तोमर, उपनिरीक्षक के.एन. यादव, प्रधान आरक्षक जितेंद्र सितपरा और आरक्षक शैलेंद्र शर्मा, शैलेंद्र गुर्जर, सुरेश राठौर व अर्जुन सिंह बागड़ी की सराहनीय भूमिका रही। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 30 मई 2026