- युवक की पीठ पर पिटाई के बाद निशान। शाजापुर (ईएमएस)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। श्मशान घाट के पास दो युवकों ने एक युवक के साथ बेल्ट और प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की। घटना के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बेरछा रोड रेलवे पुलिया के पास रहने वाले 22 वर्षीय फरियादी सूरज पंवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह नगर पालिका के कचरा वाहन में हेल्पर का काम करता है। उसने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह राजेश्वरी मंदिर के पास स्थित चिल्लर नदी पर गया था। इसी दौरान वहां अनिल और उसका एक साथी मिल गए। दोनों आरोपियों ने सूरज को पुराने श्मशान घाट के पास बुलाया और इस बात को लेकर विवाद करने लगे कि वह नदी क्षेत्र में क्यों आया है। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने उसे अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। जब सूरज ने गालियों का विरोध किया, तो आरोपी अनिल ने बेल्ट निकाल ली और उसके साथी ने वहां पड़े प्लास्टिक के पाइप से उस पर हमला कर दिया। इस मारपीट में सूरज की पीठ, छाती, होंठ, गर्दन और सिर पर काफी चोटें आई। बेरहमी से की गई इस पिटाई के कारण युवक की पीठ पर चोट के निशान भी उभर आए। पीडि़त का आरोप है कि मारपीट करने के बाद दोनों आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि वह दोबारा इस इलाके में नजर आया, तो उसे जान से खत्म कर देंगे। घटना के बाद डरा-सहमा युवक अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर उसने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 30 मई 2026