- पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने मंदिर निर्माण के लिए की 2.50 लाख रुपए की घोषणा, विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब - कथा वाचक एवं अतिथियों का स्वागत किया गया। शाजापुर (ईएमएस)। ग्राम भीलखेड़ी में जनसहयोग से निर्मित श्री देव भिलट घाटा वाला एवं नाग महाराज जी के नव-निर्मित मंदिर में सात दिवसीय श्री हरि विष्णु महायज्ञ और भव्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ। श्री देव बल्ड़ी बालोन रोड स्थित श्री देव धाम में यह पूरा धार्मिक आयोजन उज्जैन स्थित पार्वती धाम आश्रम की मार्गदर्शक एवं कथा प्रवक्ता समप्रिया दीदी के सानिध्य में संपन्न हुआ। महायज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में भक्तजनों ने भोजन प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ लिया। प्राण-प्रतिष्ठा के मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद, प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सोनकच्छ के पूर्व विधायक सज्जन सिंह वर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने मंदिर निर्माण में ग्रामवासियों के जनसहयोग की भरपूर सराहना की और अपनी ओर से मंदिर निर्माण कार्य के लिए 2 लाख 50 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारों के साथ स्वागत किया। इस दौरान मनोज राजानी, राजेंद्र मालवीय, दिलीप सिंह चांदना, पोपसिंह ठाकुर, सुरेश सिंह चांदना, मेहरबान सिंह पटेल, दिलीप सिंह गुर्जर सहित श्रद्धालु उपस्थित थे। आयोजन स्थल पर श्री भिलट देव जी भीलखेड़ी समिति, पंडा जी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर और पुजारी शांति लाल गुर्जर द्वारा सभी अतिथियों का साफा बांधकर और पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। उक्त जानकारी डॉ जीवनसिंह गुर्जर ने दी। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 30 मई 2026