क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- अस्पताल में उपचाररत घायल। शाजापुर (ईएमएस)। ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुई यात्री बस ने बाइक और कार को टक्कर मार दी, इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सारंगपुर की ओर से आ रही बालाजी बस के शनिवार दोपहर शाजापुर मंडी के पास निर्माणाधीन पुलिया के निकट अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण बस चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और बेकाबू हुई बस ने सबसे पहले आगे चल रहे बाइक सवारों को अपनी चपेट में लिया। इसके बाद एक अन्य चार पहिया वाहन से जा भिड़ी। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में ग्राम मझानिया निवासी जितेंद्र, लक्ष्मण और उसकी मां सानूबाई शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया। ईएमएस/ राजेश कलजोरिया/ 30 मई 2026