क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- विभिन्न क्षेत्रों से उल्लेखनीय प्रतिभाएं हुई सम्मानित - शशि भूषण दुबे कंचनीय /रोमेश रंजन दुबे मीरजापुर (ईएमएस)। जर्नलिस्ट वेलफेयर सोसाइटी से संबद्ध डिजिटल मीडिया प्रेस क्लब मीरजापुर के तत्वावधान में हिंदी पत्रकारिता दिवस समारोह-2026 का आयोजन शुक्रवार को जीडी बिनानी पीजी कॉलेज के पद्मा बिनानी सभागार में संपन्न हुआ। “पत्रकारिता के बदलते स्वरूप में डिजिटल मीडिया की भूमिका” विषय पर हुए गोष्ठी मे पत्रकारों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि मणिपुरविश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डा. आद्या प्रसाद पांडे, विशिष्ट अतिथि टर्निंग इंडिया के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार डा. कैलाश पति त्रिपाठी, आध्यात्मिक लेखक सलिल पांडे, पीटीआई जिला संवाददाता संतोष श्रीवास्तव, अमृत प्रभात/एनआईपी के जिला संवाददाता मनोज शुक्ला तथा जीडी बिनानी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डा.) अशोक कुमार सिंह उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों ने हिंदी पत्रकारिता की दो सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए बदलते समय में डिजिटल मीडिया की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता करते हुए डिजिटल मीडिया प्रेस क्लब के अध्यक्ष व टीवी हंड्रेड के ब्यूरो चीफ वीरेंद्र गुप्ता ने कहाकि आज प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दोनों ही तेजी से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित हो रहे हैं। लोगों की समाचार पढ़ने और देखने की आदतों में बड़ा बदलाव आया है। अब अधिकांश पाठक मोबाइल फोन के माध्यम से अखबार पढ़ रहे हैं और दर्शक सोशल मीडिया व डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए समाचार चैनलों की सामग्री देख रहे हैं। उन्होंने कहाकि आने वाले समय में डिजिटल मीडिया पारंपरिक पत्रकारिता के स्वरूप को और अधिक परिवर्तित करेगा तथा इसकी उपयोगिता लगातार बढ़ती जाएगी। संस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक सपनेश पटेल ने कहाकि डिजिटल युग में पत्रकारिता की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है। सूचना के तीव्र प्रवाह के बीच तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरों का प्रसार ही पत्रकारिता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने पत्रकारों से समाज और लोकतंत्र के प्रति अपनी जवाबदेही को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान समाज, शिक्षा, खेल, उद्यमिता एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाली पावरलिफ्टिंग चैंपियन निधि सिंह पटेल को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। पर्यावरण संरक्षण और निरंतर पौधारोपण अभियान चलाने वाले अनिल कुमार सिंह ‘ग्रीन गुरु’ एवं पर्यावरण के क्षेत्र मे विजय श्रीवास्तव मीरजापुरी को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में एसएन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डॉ. राजेश सिंह, समाज सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष, भाजपा नेता एवं द्वितीय मालवीय विंध्य भूषण उपाधि ख्यात डॉ. जगदीश सिंह पटेल को सम्मान से नवाजा गया। उद्यमिता क्षेत्र में अजय कुमार सिंह उर्फ छोटू पटेल, पत्रकारिता क्षेत्र में पत्रकार बृजेश दुबे को सम्मानित किया गया।समारोह में जनपद के अनेक वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति रही। जिसमे अमर उजाला के ब्यूरो चीफ जयंत चतुर्वेदी, हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ वीरेंद्र दुबे, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ विमलेश अग्रहरि, पीके न्यूज के प्रवीण सिंह, रीता चौधरी, पवन तिवारी, आकाश दुबे, राजन गुप्ता, विंध्य मीडिया वेंचर्स (विंध्य न्यूज डाट काम) की एडिटर इन चीफ श्रीमती एसके अग्रहरि, ग्रामीण सुबह के जिला संवाददाता त्रिलोकी नाथ पाण्डेय, अशोक बिंद, सारिका दुबे, विजय श्रीवास्तव मिर्जापुरी, शशि साहू, मोहित गुप्ता, वसी रिजवी, मिथिलेश अग्रहरि, गुड्डू खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संचालन प्रो. ध्रुवजी पांडे और संरक्षक अश्वनी सिंह ने आभार व्यक्त किया। ईएमएस/ मोहने/ 30 मई 2026