क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- निरंजनपुर वारियर्स को 22 रन से हराया; महिला वर्ग में सरबदत दा भला टीम रही विजेता इंदौर (ईएमएस)। चड़दी कला ट्रॉफी सिख प्रीमियर लीग क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल मुकाबला रोमांचक और धूमधाम से खेला गया। विष्णुपुरी के सचखंड मार्ग स्थित गुरु अरजन देव खेल मैदान पर खेली गई इस स्पर्धा के खिताबी मुकाबले में पूरे समाज के हजारों लोग मौजूद रहे। फाइनल मैच के दौरान खूब ढोल-ढमाके और जमकर आतिशबाजी के बीच माहौल बेहद उत्साहजनक रहा। खिलाड़ियों ने भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस प्रतिष्ठित स्पर्धा का मुख्य खिताब विष्णुपुरी टाइटंस ने निरंजनपुर वारियर्स को 22 रन से हराकर अपने नाम किया। तीसरा स्थान बब्बर शेर इलेवन ने हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में सरबदत दा भला टीम विजेता और पावर्स स्ट्राइकर्स की टीम उपविजेता रही। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए विष्णुपुरी टाइटंस ने निर्धारित 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 100 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सुरिंदर सिंह ने मात्र 17 गेंदों में 5 छक्कों की मदद से 40 रनों की धुआंधार पारी खेली। इसके अलावा रिजाक और सुआंशदीप सिंह ने 17-17 तथा हरविंदर सिंह ने 14 रनों का उपयोगी योगदान दिया। निरंजनपुर वारियर्स की तरफ से गेंदबाजी करते हुए हनी सिंह ने 3 तथा हरमन व सुखविंदर ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में 101 रनों के विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी निरंजनपुर वारियर्स की टीम निर्धारित 8 ओवर में 8 विकेट पर 78 रन ही बना सकी। टीम के लिए हनी सिंह ने 29 और गुंजन छाबड़ा ने 18 रनों की पारियां खेलीं, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य व सांसद शंकर लालवानी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर सिंह सभा के अध्यक्ष हरपाल सिंह भाटिया (मोनू भाटिया), सचिव प्रीतपाल सिंह भाटिया, मध्य प्रदेश पंजाबी साहित्य एकेडमी के निदेशक इंद्रजीत सिंह खनूजा, रणवीर सिंह छाबड़ा, हरप्रीत सिंह बक्शी, अमरजीत सिंह बग्गा, चरणजीत सिंह सैनी, अमरजीत सिंह भाटिया और सुखजिंदर चहल विशेष रूप से उपस्थित थे। फाइनल मैच में 14 रन बनाने के साथ ही 3 विकेट चटकाने वाले विष्णुपुरी टाइटंस के ऑलराउंडर हरविंदर सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विजेता विष्णुपुरी टाइटंस को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रही टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि सौंपी गई। महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम सरबदत दा भला को 31 हजार रुपये, द्वितीय स्थान की टीम को 21 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। प्रकाश/30 मई 2026