राज्य
30-May-2026
...


- शादी में बाधक बनने पर उठाया खौफनाक कदम फिरोजाबाद(ईएमएस) जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की यादव कॉलोनी में शनिवार दोपहर एक डेढ़ साल के मासूम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूरी वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दोपहर करीब दो बजे आरोपी विराज बच्चे को चॉकलेट दिलाने के बहाने गली में ले गया और टी-शर्ट से पकड़कर उसे आठ बार जमीन पर पटका। गंभीर चोट लगने से बच्चे आरव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को घर के पास फेंककर फरार हो गया। मृतक बच्चे की मां रति बदायूं की रहने वाली है जबकि उसका मायका फिरोजाबाद के अरांव थाना क्षेत्र के गांव बामई में है। पति से विवाद के चलते रति मायके में रहकर टीचिंग का काम करती थी। शनिवार को रति अपनी मां पिंकी और बेटे आरव के साथ शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में अपनी रिश्तेदार पुष्पलता के घर आई थी। कुछ देर बाद रति का रिश्तेदार विराज भी वहां पहुंचा और बच्चे को बाहर ले गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विराज रति से शादी करना चाहता था और डेढ़ साल का आरव उसकी शादी में बाधा बन रहा था। इसी वजह से उसने बच्चे की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही शिकोहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद