राज्य
30-May-2026


इन्दौर (ईएमएस) साइबर ठगी के एक सनसनीखेज मामले में साइबर ठगोरे ने एक महिला से फेसबुक और वॉट्स एप के जरिए दोस्ती कर उसका भरोसा जीतने के बाद झांसे में लेकर 12 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दे दिया। साइबर ठगोरे ने इसके लिए अंतरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल किया। मामले में महिला ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है।‌ मामला मल्हारगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार कल्पना पति नंदकिशोर शर्मा उम्र पैंतालीस साल निवासी कुम्हार मोहल्ला, तेली बाखल ने अपनी दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी ने अमनप्रीतसिंह यूके नाम से परिचय बनाया और झांसे में लेकर अलग अलग किस्तों में कुल 12 लाख 5 हजार रुपए ऐंठ लिए। मल्हारगंज थाना प्रभारी नीरज बिरथरे के अनुसार महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद अज्ञात आरोपी ने दो वॉट्स ऐप नंबरों से चैट और कॉल के जरिए कहा कि बहन में तुमसे मिलने के लिए भारत आ रहा हूँ। इसके बाद आरोपी ने मैसेज में कहा कि एयरपोर्ट पर मुझे कस्टम अधिकारियों ने रोक लिया है मदद कर दो। इस तरह से उसने झांसे में लेकर 12 लाख रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी कर दी। पुलिस अब फेसबुक आईडी, व्हाट्सएप नंबरों और बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी खंगाल रही है ताकि इस अंतरराज्यीय अथवा अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह तक पहुंचा जा सके। आनंद पुरोहित/ 30 मई 2026