मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में अपनी सख्त कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आयुक्त का पद संभालते ही राज्यभर में बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। 21 वर्षों की सेवा में 25 बार तबादला झेल चुके मुंढे ने पदभार ग्रहण करने के बाद प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। * एक दिन में 33 आरोपी गिरफ्तार, 28 प्रतिष्ठान सील शनिवार दिनांक 30 मई को राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एफडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 33 लोगों को गिरफ्तार किया और 28 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। इस दौरान मुंबई, कोकण, पुणे, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर क्षेत्रों में छापेमारी की गई। अधिकारियों ने प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और अन्य अवैध उत्पादों की बिक्री करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 6.17 लाख रुपये मूल्य का अवैध माल जब्त किया गया। मुंबई में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। * कोकण में सबसे बड़ी कार्रवाई कार्रवाई का सबसे बड़ा असर कोकण क्षेत्र में देखने को मिला, जहां 20 प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं पुणे में 8 स्थानों पर छापेमारी कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। नासिक और छत्रपति संभाजीनगर में भी एक-एक आरोपी को हिरासत में लिया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 123, 223, 274 और 275 के अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 26, 27, 30(2)(a) और 59 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। * तुकाराम मुंढे की नई पहल: शिकायतों के लिए बनेगा मोबाइल ऐप खाद्य पदार्थों में मिलावट और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तुकाराम मुंढे ने एक नई पहल की घोषणा की है। इसके तहत नागरिकों की शिकायतें सीधे प्राप्त करने के लिए जल्द ही एक विशेष मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा। इसके अलावा आम लोगों की सुविधा के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ, प्रतिबंधित गुटखा या अन्य संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो वे तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें। संजय/संतोष झा- ३० मई/२०२६/ईएमएस