राज्य
30-May-2026
...


::मालवा जर्नलिस्ट फोरम द्वारा परिचर्चा आयोजित:: इन्दौर (ईएमएस)मालवा जर्नलिस्ट फोरम द्वारा हिंदी अखबार उदंत मार्तण्ड के प्रकाशन के 200 वर्ष पूर्ण होने पर एक निजी होटल में परिचर्चा का आयोजन किया गया। पत्रकारिता कल, आज और कल विषय पर हुई परिचर्चा की अध्यक्षता पत्रकार लोकेंद्र सिंह थनवार ने की। उन्होंने कहा कि कानपुर के पं. जुगल किशोर शुक्ल ने 30 मई ,1826 को कलकत्ता से हिंदी का पहला अखबार उदंत मार्तण्ड का प्रकाशन शुरू किया था। इसकी कीमत मात्र 2 पैसे थी, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते इसका प्रकाशन 4 दिसम्बर 1827 को बंद हो गया। संस्था सचिव प्रवीण जोशी ने भाषाई पत्रकारिता के अतीत और उसकी यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि कागज के अविष्कार से लेकर आज तक पत्रकारिता में कई तरह के सामाजिक, आर्थिक और तकनिकी उतार - चढाव आये, लेकिन इसका सफर आज भी जारी है। कागज से शुरू हुआ अखबार आज डिजिटल माध्यम तक पहुँच गया है। इसके बावजूद हिंदी भाषा में आज सर्वाधिक संख्या में पत्र - पत्रिकाओ से लेकर टीवी न्यूज़ चैनल प्रसारित और प्रकाशित हो रहे है। यह हिंदी भाषा की ताकत ही है। 200 वर्ष पूर्व पं. शुक्ल ने हिंदी भाषा की अस्मिता और उसे आधुनिकता से जोड़ने के लिए जो अखबार निकाला था, यह उसी का सुखद परिणाम है। दरअसल उदंत मार्तण्ड भारतीय नवजागरण का मुख्य स्वर था। उन्होंने आगे कहा कि आज हिंदी का परचम देश में ही नही सीमा पार भी लहरा रहा है। परिचर्चा में पत्रकार राजेंद्र सचदेव, कमल हेतावल, धर्मेंद्र शुक्ला, सुलतान किरमानी, सीताराम गांगले, अर्जुनसिंह राजपूत ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, रामकिशोर लोवंशी, अशोक शर्मा,साकेत कुमार बादल, हेमंत जैन, शुभम अग्रवाल, अश्विन बाहेती, राकेश रायकवार, चंचल भारतीय विशेष रूप से उपस्थित थे। आनंद पुरोहित/ 30 मई 2026