क्षेत्रीय
30-May-2026
...


देवास(ईएमएस)। जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिक महिलाओं ने असमान वेतन, श्रमिकों पर अत्याचार, महिला श्रमिकों के शोषण एवं बाल श्रम जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता बाबूलाल नागर एवं इंटक जिला अध्यक्ष महेश राजपूत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल श्रम पदाधिकारी से मिला। शासकीय श्रम पदाधिकारी शैलेंद्र सोलंकी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। महिला श्रमिक श्रीमती शहनाज बानो पटेल ने बताया कि टाटा, पेंटागन, आयशर सहित अन्य कंपनियों में कार्यरत श्रमिक महिलाओं की ओर से यह प्रतिनिधिमंडल अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर श्रम विभाग पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने श्रमिक हितों की रक्षा, महिलाओं को न्याय दिलाने तथा श्रम कानूनों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान अधिकारियों को श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। मुलाकात के अवसर पर इंजीनियरिंग मजदूर सेवा संघ के अध्यक्ष राम गुर्जर सहित गजेंद्र जाट, शहनाज पटेल, धन कुंवर, पदमा सोलंकी, आराफत खान, सपना मेहरा, डोरा ठाकुर, तारा विजयवर्गीय, नीलू मोदी, रिंकी गिरी, रचना जायसवाल, पूजा चौहान, भावना भाटिया एवं अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सभी श्रमिक साथियों ने मजदूर एकता जिंदाबाद के नारों के साथ श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। चौहान / 30 मई, 2026