क्षेत्रीय
30-May-2026
...


देवास(ईएमएस)। शनिवार सुबह शिप्रा बायपास स्थित रूपाखेड़ी के समीप रेलवे ब्रिज पर भीषण सडक़ हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सडक़ की खामियों और राहत कार्य में देरी का आरोप लगाते हुए करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। अधिकारियों और स्थानीय विधायक की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार, नायता पुवाल्डा निवासी हैदर (40), अंसार और इमरान शनिवार सुबह इंदौर काम पर जाने के लिए बाइक से निकले थे। तीनों मोटर निकालने का काम करते हैं। सुबह करीब 8.30 बजे रूपाखेड़ी रेलवे ब्रिज पर इंदौर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्रिज पर सडक़ ऊंची-नीची होने के कारण कार असंतुलित हो गई। करीब 100 फीट तक बेकाबू दौडऩे के बाद कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हैदर और अंसार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल इमरान को इंदौर रेफर किया गया है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उनका आरोप था कि एंबुलेंस और अन्य राहत सेवाएं समय पर नहीं पहुंचीं। घायलों और मृतकों को निजी वाहनों तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा। इसी बात को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि हैदर उछलकर ब्रिज से करीब 50 फीट नीचे जा गिरा। वहीं अंसार और इमरान के एक-एक पैर कटकर नीचे जा गिरे। हादसे में कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक घायल का उपचार चल रहा है। ग्रामीणों ने सडक़ की कुछ तकनीकी खामियों की शिकायत की है। मामले को संबंधित समिति की बैठक में रखा जाएगा और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। चौहान / 30 मई, 2026