ब्यावरा(ईएमएस)l विगत रात्री को मलावर थाना क्षेत्र के तरेना गांव में बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया। पांच हथियारबंद बदमाशों ने एक दंपती को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। हालांकि पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में करीब 3 लाख रुपए की लूट की बात कही है, जिसमें 2 लाख रुपए नकद शामिल हैं, लेकिन चर्चा है कि करीब 15 लाख रुपए के जेवर और नकदी बदमाश लूट ले गए है। जानकारी अनुसार तरेना गांव के रहने वाले भारत सिंह लोधा अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 1 बजे पांच बदमाश हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने दंपती को बंदूक दिखाकर डराया और कहा कि अगर शोर मचाया तो जान से मार देंगे। इसके बाद उन्होंने पति-पत्नी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी ली। उन्होंने अलमारियां, बक्से और कमरों का सारा सामान बिखेर दिया। वे घर से सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब 3 लाख रुपए का सामान समेटकर फरार हो गए। - जांच में जुटी पुलिस और डॉग स्क्वॉड बदमाशों के भागने के बाद पीड़ित परिवार ने जैसे-तैसे खुद को आजाद किया और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। खबर मिलते ही मलावर थाना पुलिस रात में ही गांव पहुंच गई। शुक्रवार सुबह थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया ने अपनी टीम के साथ मौके का मुआयना किया। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद भी ली जा रही है। इस वारदात के बाद से गांव के लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और लूटा गया सामान वापस दिलाया जाए। मलावर थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा। ईएमएस/मोहने/ 30 मई 2026