राजगढ़ (ईएमएस)l आगामी वर्षाकाल एवं संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, संयुक्त कलेक्टर वीरेंद्र सिंह दांगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जिले के ऐसे सभी पुल, पुलिया एवं रपटे जहां वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति बनती है, वहां पूर्व से ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पुल- पुलियों पर आवश्यकतानुसार ड्यूटी लगाने एवं इसके संबंध में टीएल बैठक में आदेश प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील पुल-पुलियों एवं जलभराव वाले स्थलों पर 24×7 ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों को ऐसे क्षेत्रों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए जहां वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति बनती है तथा स्कूल बस संचालकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी जाए कि किसी भी परिस्थिति में जोखिम लेकर जलमग्न मार्गों या पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें। पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को भी निर्देशित किया कि बस एसोसिएशन, यात्री वाहन संचालकों एवं परिवहन से जुड़े संगठनों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि वर्षाकाल में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा इसकी कहीं भी कमी न हो। इसके साथ ही आवश्यक टीकाकरण एवं सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में जीवनरक्षक एवं सामान्य दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।बैठक में बाढ़ प्रभावित एवं संभावित डूब क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि ऐसे सभी गांवों में एसडीएम बैठक आयोजित कर नागरिकों को सुरक्षा संबंधी उपायों तथा आगामी वर्षा की संभावित परिस्थितियों के बारे में जागरूक करें। नगरीय क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारियों द्वारा निभाई जाएगी ईएमएस/मोहने/ 30 मई 2026