क्षेत्रीय
31-May-2026
...


- सभी दोषियों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की मांग गाजियाबाद (ईएमएस) विश्व हिंदू परिषद विहिप द्वारा, गाजियाबाद के खोड़ा में ईद के दिन एक हिंदू युवक सूर्या चौहान की निर्मम हत्या की घटना की घोर निंदा करते हुए मांग की गई है कि शासन प्रशासन द्वारा जिस प्रकार त्वरित जांच कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उसी प्रकार इस जघन्य अपराध में संलिप्त शेष सभी दोषियों की भी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें कठोरतम दंड दिलाया जाए। उक्त मांग विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा द्वारा की गई है। बागड़ा आज रविवार को खोड़ा स्थित मृतक सूर्या के निवास पर पहुंचे और मृतक के परिवारजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल द्वारा बागड़ा के संवेदना दौरे के संबंध में जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि बागड़ा ने सूर्या की माता, बहन एवं अन्य परिजनों को इस कठिन समय में सांत्वना दी तथा विश्वास दिलाया कि पूरा हिंदू समाज इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वेच्छा से धन संग्रह कर एक सहयोग राशि भी परिवार को प्रदान की गई। परिषद ने आश्वस्त किया कि परिवार को हर संभव सहयोग किया जाएगा। व्यथित परिजनों से मिलने के बाद प्रेस वार्ता के दौरान बजरंग बागड़ा ने कहा कि यह एक अत्यंत जघन्य, कायराना एवं निंदनीय अपराध है, जिसकी त्वरित जांच और कठोरतम सजा अति आवश्यक है। मुस्लिम समाज ऐसे आपराधिक तत्वों पर नियंत्रण करने की ज़िम्मेदारी से बच नही सकता। बागड़ा ने ऐसे अपराधी जिहादी मानसिकता पर अंकुश लगाने हेतु मुस्लिम नेतृत्व को तत्काल कार्यवाही करने के लिए आगाह किया ताकि देश में शांति और सौहार्द से साथ रहने का वातावरण विकसित हो सके, साथ ही प्रशासन न्यायिक प्रक्रिया के तहत कठोरतम सजा दिलाने की व्यवस्था करे जिससे असामाजिक आपराधिक तत्वों को यह स्पष्ट संदेश जाए कि वे ऐसी घिनौनी घटनाओं को पारित करने के बाद बच नहीं सकते। संवेदना व्यक्त करने हेतु मृतक सूर्या के परिजनों से मिलने पहुंचे बजरंग दल नेता के साथ विश्व हिन्दू परिषद के गाजियाबाद विभाग मंत्री अजय शर्मा,विभाग संगठन मंत्री साहिल वालिया, हरनंदी महानगर के अध्यक्ष बी के गुप्ता, नवीन गोतम,सौरभ तिवारी, राजेश तंवर, अमित पराशर,राजू पंडित, ललित जायसवाल भी उपस्थित रहे। - ईएमएस / 31/5/2026