- मरम्मत के लिए तोड़ना पड़ा फुटपाथ गुना (ईएमएस)। शहर की भार्गव कॉलोनी में रविवार को उस समय लोगों की भीड़ लग गई, जब एक मकान के अंदर से अचानक तेज दबाव के साथ पानी का फव्वारा फूटने लगा। कुछ देर के लिए ऐसा प्रतीत हुआ मानो कोई बड़ी पाइप लाइन फट गई हो। बाद में जांच में पता चला कि मकान के नीचे से गुजर रही पीएचई की पेयजल पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण यह स्थिति बनी। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे शास्त्री पार्क से भार्गव कॉलोनी क्षेत्र की पानी सप्लाई लाइन चालू की गई थी। इसी दौरान मॉर्डन स्कूल के सामने स्थित क्षेत्र में पाइप लाइन से रिसाव शुरू हो गया और पानी मकान के अंदर से तेज गति से बाहर निकलने लगा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नगर पालिका और पीएचई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पाइप लाइन तक पहुंचने के लिए कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मकान के सामने बनी दुकान और फुटपाथ पर लगे संगमरमर के पत्थरों को हटाया गया तथा जेसीबी मशीन से खुदाई कर लीकेज पाइप लाइन तक पहुंचा गया। इसके बाद मरम्मत कार्य शुरू किया गया। पीएचई प्रभारी संचित ढीमरी ने बताया कि संबंधित पानी की पाइप लाइन वर्ष 2014 में डाली गई थी। उस समय संभव है कि संबंधित मकान का निर्माण नहीं हुआ हो। प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि पाइप लाइन मकान या निजी जमीन के नीचे आ गई है। इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। यदि पाइप लाइन किसी की निजी भूमि के नीचे से गुजर रही है तो उसे बाहर शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया है और उसे जल्द दुरुस्त कर पानी की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। वहीं नगर पालिका अब यह भी जांच करेगी कि पाइप लाइन पहले से थी या बाद में उसके ऊपर निर्माण कार्य किया गया। - सीताराम नाटानी