- 15 मिनट तक मौत से लड़कर बचाई जान - भालुओं ने युवक को बुरी तरह नोचा - आक्रोशित ग्रामीणों ने दी वन विभाग को आंदोलन की चेतावनी चाईबासा (ईएमएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में वन्यजीवों के हमले की एक खौफनाक घटना सामने आई है। सादोमसाई नदी के किनारे तड़के एक युवक पर दो जंगली भालुओं ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सादोमसाई गांव का रहने वाला 35 वर्षीय ढुका पुरती सुबह करीब 4:30 बजे शौच के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे दो भालुओं ने उस पर धावा बोल दिया। भालुओं ने उसके सिर, चेहरे, नाक, कान, पीठ और हाथों को बुरी तरह नोच डाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ढुका ने इतनी विकट परिस्थिति में भी हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान बचाने के लिए करीब 15 मिनट तक भालुओं से अकेले ही संघर्ष करता रहा। युवक की चीख-पुकार और कड़े प्रतिरोध के बाद दोनों भालू वापस जंगल की ओर भाग गए। शोर सुनकर ग्रामीण प्रदीप बिरुवा, मनोरंजन पुरती और चोंग पुरती तुरंत मौके पर पहुंचे और लहूलुहान ढुका को संभाला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया लक्ष्मी पिंगुवा और पंसस सदस्य सरोज बिरुवा भी पहुंचीं और घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझगांव पहुंचाया। अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ. सनातन चातार और उनकी टीम ने करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत कर युवक के सिर और शरीर पर लगे गहरे जख्मों को सिया और टांके लगाए। हालांकि, स्थिति गंभीर होने के कारण उसे चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद से पूरे सादोमसाई गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे। - ईएमएस 31 मई 2026