क्षेत्रीय
31-May-2026
...


- ऊर्जा मंत्री और प्रभारी मंत्री पर टिप्पणी पड़ सकती है भारी, विधायक पन्नालाल शाक्य पर कार्रवाई के संकेत गुना (ईएमएस)।शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर बिजली कंपनी कार्यालय पहुंचकर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर सार्वजनिक रूप से निशाना साधने वाले गुना के भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भाजपा संगठन ने उनके बयान को गंभीरता से लिया है और अब उन पर संगठनात्मक कार्रवाई की तैयारी के संकेत मिल रहे हैं। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने विधायक के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि पूरे मामले से प्रदेश संगठन को अवगत करा दिया गया है और आगे का निर्णय प्रदेश नेतृत्व करेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने कहा कि चाहे विधायक हो, मंत्री हो, पदाधिकारी हो या कार्यकर्ता, किसी को भी सार्वजनिक मंच या सार्वजनिक स्थान पर किसी के बारे में उल्टी-सीधी बयानबाजी करने की अनुमति नहीं है। भाजपा एक अनुशासित संगठन है और उसका प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासन का पालन करता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी विधायक पन्नालाल शाक्य का बयान सोशल मीडिया पर देखा है, जो वास्तव में निंदनीय है। सिकरवार ने कहा कि पन्नालाल शाक्य भाजपा के वरिष्ठ विधायक हैं, लेकिन उन्होंने ऊर्जा मंत्री और प्रभारी मंत्री के बारे में जो बातें कहीं, वे पूरी तरह गलत हैं। ऐसी बयानबाजी उन्हें नहीं करना चाहिए थी। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रदेश संगठन को भेज दी गई है और शीघ्र ही इस मामले में कार्रवाई होने की संभावना है। जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि या कार्यकर्ता को कोई शिकायत या आपत्ति है तो उसके लिए संगठन में निर्धारित मंच मौजूद हैं। वे पहले जिलाध्यक्ष, जिले के प्रभारी या संभाग प्रभारी से चर्चा कर सकते हैं। यदि वहां समाधान नहीं निकलता है तो प्रदेशाध्यक्ष तक अपनी बात पहुंचाई जा सकती है। सार्वजनिक रूप से इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी बयानबाजी की इजाजत किसी को नहीं देंगे, चाहे वह मंत्री हो, विधायक हो, पदाधिकारी हो या कार्यकर्ता। संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और सभी को उसका पालन करना होगा। सिकरवार ने कहा कि शनिवार को जो कुछ हुआ है, उसकी पूरी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को दे दी गई है। अब इस मामले में अंतिम निर्णय प्रदेश संगठन ही करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक लगातार इस प्रकार के बयान दे रहे हैं, जिसे संगठन ने गंभीरता से लिया है। - सीताराम नाटानी