क्षेत्रीय
31-May-2026
...


जयपुर (ईएमएस)। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर में खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत डेली तलाई में नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन तथा ग्राम पंचायत शिवनगर में 33/11 केवी विद्युत ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल तथा राजस्थान विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत सरोवर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जल संरक्षण का संदेश दिया।डेली तलाई में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की भजनलाल सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के सपनों को साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है। डेली तलाई में 1 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से निर्मित पीएचसी भवन तथा शिवनगर में 33/11 केवी जीएसएस का लोकार्पण इसी विकास यात्रा का हिस्सा है।उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत क्षेत्र की प्रत्येक ढाणी तक विद्युत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही दंतौर, 465 हेड, पुगल सहित विभिन्न स्थानों पर 132 केवी जीएसएस स्थापित किए गए हैं तथा ग्राम पंचायत स्तर पर 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। बड़े जलाशयों एवं जल भंडारण संरचनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ किया जा रहा है।केंद्रीय मंत्री श्री मेघवाल ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत पारंपरिक जल स्रोतों, बावड़ियों, तालाबों एवं सरोवरों के संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके। - 31 मई 2026