नई दिल्ली(ईएमएस)। दिल्ली के शालीमार बाग इलाके के शालीमार गांव में प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। यहां पर करीब 150 अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। यहां रहने वाले लोगों को 30 मई तक अपने मकान खाली करने का समय दिया गया था। समय पूरा होने के बाद अब इन्हें गिराया जा रहा है। ये कार्रवाई मैक्स हॉस्पिटल और मेन रोड को चौड़ा करने के लिए की जा रही है। इसके तहत 30 मीटर तक के अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए यहां पर सीआरपीएफ की 5 कंपनियां (करीब 600 जवान), आरपीएफ की 4 कंपनियां, (करीब 400 जवान), सीआरपीएफ की महिला कमांडो (करीब 200), दिल्ली पुलिस के 1000 से ज्यादा जवान, 50 से ज्यादा इंस्पेक्टर और करीब 15 एसीपी को तैनात किया गया है। विनोद उपाध्याय / 31 मई, 2026