- नशा मुक्ति का संदेश दिया, सामाजिक संगठनों ने निभाई सक्रिय भागीदारी मंडला (ईएमएस)। मंडला में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर रविवार को जन जागरूकता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें गायत्री परिवार, ब्रह्मकुमारी संस्थान सहित कई सामाजिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी की। अभियान के तहत शहर में एक जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली योजना भवन से शुरू होकर लालीपुर, बस स्टैंड और दीनदयाल चौक से होते हुए नगर पालिका परिसर पहुंची, जहाँ इसका समापन हुआ। रैली में शामिल लोगों ने तम्बाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के खिलाफ नारे लगाए तथा जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां प्रदर्शित कीं। नगर पालिका परिसर में आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति पर आधारित गीतों से हुई। इसके बाद वक्ताओं ने तम्बाकू और नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को तम्बाकू और नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। ईएमएस/मोहने/ 31 मई 2026