मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के हिरदेनगर चौकी क्षेत्र में मंडला-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार देर रात सड़क हादसा हो गया। पदमी गांव में राजस्थान ढाबे के पास खड़े ट्रॉला से बाइक टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय पंकज उइके के रूप में हुई है। वे ग्राम मुरूमखाफ निवासी पुरषोत्तम उइके के पुत्र थे। हादसे की सूचना मिलने पर हिरदेनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक पेट्रोल डलवाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रॉला से उसकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। ईएमएस/मोहने/ 31 मई 2026