मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के मनेरी औद्योगिक क्षेत्र के पास ग्राम खेरानी के जंगल में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना पर मनेरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार, शव जंगल के एक ऐसे सुनसान रास्ते पर मिला जहां लोगों का आना-जाना बहुत कम रहता है। शव से दुर्गंध आ रही थी और चेहरा काफी हद तक खराब हो चुका था, जिससे मृतक की शिनाख्त करना मुश्किल हो गया है। शुरुआती जांच में पुलिस का अनुमान है कि यह शव करीब तीन से चार दिन पुराना है। मनेरी चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात शव मिलने की सूचना जिले के अन्य थानों में भी भेज दी गई है ताकि हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट से इसका मिलान किया जा सके। पुलिस आसपास के गांवों के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मृतक के बारे में कोई सुराग मिल सके। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात शव का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि मौत प्राकृतिक है या इसके पीछे कोई साजिश, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। हत्या और आत्महत्या जैसे सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। ईएमएस/मोहने/ 31 मई 2026