क्षेत्रीय
31-May-2026
...


- आसमान पर छाए घने काले बादल, आंधी और तेज बारिश के आसार मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले में नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार को मौसम में अचानक बदलाव आया। दिनभर की तपिश के बाद शाम होते-होते तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में काले बादल छा गए। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली। देर रात तक बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 30 मई से 2 जून तक जिले में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक गिरावट दर्ज की जा सकती है। पिछले कई दिनों से जिले का तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। हालांकि, शुक्रवार से तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ। गुरुवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शुक्रवार को 3.6 डिग्री की कमी के साथ 41.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शनिवार को इसमें 1.4 डिग्री की और गिरावट दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले पांच दिनों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा: 30 मई को 40.0°C, 29 मई को 41.4°C, 28 मई को 45.0°C, 27 मई को 44.6°C और 26 मई को 44.0°C दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और लू से काफी राहत मिली है। अब किसानों और आम नागरिकों की नजरें संभावित बारिश पर टिकी हुई हैं। ईएमएस/मोहने/ 31 मई 2026