क्षेत्रीय
31-May-2026
...


- तकनीकी समस्या का समाधान कर हटाए गए अवैध कनेक्शन, 27 ग्रामों की जल वितरण व्यवस्था हुई सुचारु राजगढ़(ईएमएस)l रविवार को मोहनपुरा ग्रामीण समूह नल-जल योजना अंतर्गत ग्राम कलालपुरा में पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या के निराकरण हेतु मध्यप्रदेश जल निगम की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए जल वितरण व्यवस्था को पुनः सुचारु किया गया । अधिकारियों के हस्तक्षेप एवं ग्रामीणों से सतत संवाद के फलस्वरूप स्थिति सामान्य हुई तथा आवागमन भी सुचारु रूप से प्रारंभ हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कलालपुरा में पेयजल आपूर्ति को लेकर उत्पन्न समस्या की सूचना मिलते ही जल निगम के महाप्रबंधक उमाकांत चौधरी के निर्देशानुसार डिप्टी मैनेजर रवि पाटीदार एवं एलएंडटी की तकनीकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम द्वारा ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा जलापूर्ति व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ अवैध जल कनेक्शनों एवं बल्क वाल्व के अनधिकृत संचालन के कारण जल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इससे मोहनपुरा परियोजना से जुड़े अन्य ग्रामों तक जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी। स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जल निगम एवं एलएंडटी की संयुक्त टीम द्वारा आवश्यक तकनीकी सुधार कार्य किया गया तथा ग्राम कलालपुरा को पुनः मुख्य पाइपलाइन से जोड़ा गया। सुधार कार्य के दौरान अवैध जल कनेक्शनों को हटाने की कार्रवाई भी की गई। कार्य पूर्ण होने के उपरांत ग्राम में तत्काल पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई। उल्लेखनीय है कि उक्त तकनीकी समस्या के कारण 5 ओवरहेड टंकियों से जुड़े 27 ग्रामों की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। समयबद्ध कार्रवाई के परिणामस्वरूप अब सभी प्रभावित क्षेत्रों में जल वितरण व्यवस्था सामान्य हो गई है। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि मोहनपुरा ग्रामीण समूह नल-जल परियोजना के अंतर्गत वर्तमान में 421 ग्रामों में से 370 ग्रामों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति की जा रही है तथा शेष क्षेत्रों में भी निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निखिल/राजगढ़, ३१ मई, २०२६