क्षेत्रीय
31-May-2026
...


नर्मदापुरम(ईएमएस)।कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ “प्रशासन आपके द्वारा” अभियान के अंतर्गत पर्यटक ग्राम छेड़का में रात्रि विश्राम के उपरांत शनिवार सुबह ग्राम भ्रमण विलेज ट्रांजिट वॉक कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक ग्रामीण खेल गिल्ली-डंडा खेलकर अपने बचपन की यादें ताजा कीं। होम-स्टे परिसर में गिल्ली-डंडा खेलते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बताया कि बचपन में उनके द्वारा भी इसी प्रकार के पारंपरिक खेल खेले जाते थे। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कलेक्टर श्री मिश्रा के साथ पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, डीएफओ, उपसंचालक कृषि, जनपद पंचायत सोहागपुर सीईओ प्रबल अर्जरिया सहित अन्य उपस्थित अधिकारियों ने भी गिल्ली-डंडा खेल में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने हाथ आजमाए। ग्रामवासियों ने भी इस गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर अधिकारियों ने बैलगाड़ी की सवारी कर ग्रामीण जीवन की सहजता एवं सांस्कृतिक विरासत का अनुभव किया। ग्राम भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने गांव के प्राकृतिक परिवेश, स्थानीय संस्कृति एवं ग्रामीण जीवन शैली को करीब से जाना। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने ग्रामीण पर्यटन को आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए नागरिकों से विलेज टूरिज्म को बढ़ावा देने एवं स्थानीय पर्यटन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। राजीव अग्रवाल ३१ मई, २०२६