क्षेत्रीय
31-May-2026
...


- नई घोषणाओं से क्षेत्र को मिली विकास की नई उड़ान -मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले शुजालपुर से मेरा आत्मीय रिश्ता, यह नगर हमेशा आशीर्वाद और स्नेह देने वाला रहा है -कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा उनके कर्मों का फल आज पूरी पार्टी भुगत रही है शुजालपुर (ईएमएस)। रविवार का दिन शुजालपुर के इतिहास में विकास और उपलब्धियों के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुजालपुर पहुंचकर लगभग 388 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 15 नए विकास कार्यों का श्रीगणेश भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कर शुजालपुरवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनका शुजालपुर से संबंध केवल राजनीतिक नहीं बल्कि आत्मीय और वैचारिक है। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन से ही शुजालपुर उन्हें विशेष स्नेह और अपनत्व के कारण अपनी ओर आकर्षित करता रहा है। उन्होंने वरिष्ठ जनसंघ एवं भाजपा नेताओं माखन सिंह चौहान और स्वर्गीय शालिग्राम तोमर का स्मरण करते हुए कहा कि शुजालपुर हमेशा उन्हें आशीर्वाद देने वाला नगर रहा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश बिजली, पानी और सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसता था। किसान सिंचाई के लिए परेशान रहते थे और विकास कार्य ठप पड़े थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कर्मों का परिणाम भुगत रही है और आज जनता ने उसे नकार दिया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब देश संकट के दौर से गुजरता है तो कांग्रेस के शीर्ष नेता विदेशों में नजर आते हैं, जबकि मध्यप्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पूरी तरह निष्क्रिय बना हुआ है। विकास को मिले नए पंख, कई महत्वपूर्ण घोषणाएं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंडी मे पुरानी पुलिस चौकी से भीलखेड़ी होते हुए कालापीपल तक टू-लेन सड़क निर्माण की घोषणा की। साथ ही आष्टा-पचोर-भीलखेड़ी मार्ग को अकोदिया और सारंगपुर रोड बायपास से जोड़ने, गोलाना को नगर परिषद का दर्जा देने, सुरक्षा बलों के लिए आवास निर्माण तथा मंडी पुलिस चौकी में 80 अतिरिक्त जवानों की तैनाती,अकोदिया मे कॉलेज की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज और लॉ कॉलेज प्रारंभ करने की दिशा में भी सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। शिक्षा का नया केंद्र बन रहा शुजालपुर इंदर सिंह परमार उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने कहा कि शुजालपुर अब केवल शिक्षा नगरी नहीं बल्कि शिक्षा का उभरता हुआ हब बन चुका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को सांदीपनि विद्यालय जैसी महत्वपूर्ण सौगात मिली है, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया। उन्होंने 110 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आयुर्वेदिक महाविद्यालय को शुजालपुर की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में नए अवसर सृजित होंगे। मंत्री परमार ने क्षेत्र के विकास संबंधी कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिन पर मुख्यमंत्री ने समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधोसंरचना विकास में प्रदेश बना मिसाल : सांसद सोलंकी शाजापुर-देवास संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व अधोसंरचना विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंदसौर से उज्जैन तक प्रस्तावित सड़क निर्माण से शाजापुर एवं राजगढ़ जिलों को व्यापक लाभ मिलेगा। वहीं मंदसौर-भोपाल सड़क परियोजना का सर्वे भी जारी है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। प्रदर्शनी देखी, मन की बातÓ सुनी और किया भव्य रोड शो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलिपैड से सीधे शासकीय जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं, किसानों एवं विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बातÓ कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण सुना। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने नगर में भव्य रोड शो किया। रोड शो के दौरान नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया। खुले वाहन में मुख्यमंत्री के साथ उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार एवं सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी भी सवार रहे। दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत सभा स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन एवं जनसभा का आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नारायणसिंह कुशवाह, शाजापुर विधायक अरुण भीमावत, कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, पूर्व विधायक विजेन्द्रसिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिसोदिया, भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती बबीता परमार, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष पंकज जोशी, जिला प्रभारी प्रभुलाल जाटव, विजय सिंह बेस, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 31 मई 2026