- लैपटॉप-मोबाइल समेत डिजिटल साक्ष्य बरामद फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद में साइबर क्राइम सेल व थाना उत्तर पुलिस की संयुक्त टीम ने वाट्सएप ग्रुपों में QR कोड भेजकर लोगों से ठगी करने वाले शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में,अपर पुलिस अधीक्षक राजेश गुनावत के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध चंचल त्यागी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में अभियुक्त आशु पाठक के कब्जे से 1 लैपटॉप, 3 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड, 3 बैंक पासबुक व एक मोटरसाइकिल की आरसी बरामद की गई है। आशु पाठक पुत्र पदम पाठक निवासी 11/216 कुआं वाली गली, जैन नगर, थाना उत्तर, फिरोजाबाद पिछले 2 साल से अनजाने वाट्सएप ग्रुपों में जुड़कर अपना, अपने भाई विशाल पाठक और अपनी दोस्त का QR कोड भेजता था। वह इन्हीं ग्रुपों से मोबाइल नंबर निकालकर लोगों को वाट्सएप कॉल कर लॉटरी लगने का लालच देकर ठगी करता था। ठगी की रकम QR कोड और बैंक खातों के जरिए वसूली जाती थी। खातों से मनी लॉन्ड्रिंग भी की जा रही थी। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त के खिलाफ NCRP पोर्टल पर विभिन्न राज्यों में 8 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। इनमें लाखों रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। गिरफ्तारी के बाद थाना उत्तर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद LENEVO लैपटॉप, तीनों मोबाइल और बैंक दस्तावेजों को डिजिटल साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया है। अभियुक्त को कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में साइबर अपराधियों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद