राज्य
31-May-2026
...


:: देवी अहिल्याबाई के आदर्शों को आत्मसात कर मध्य प्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा पहुंचकर उनकी भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकमाता के युगांतरकारी योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, सुशासन और लोककल्याण की अद्वितीय प्रतीक बताया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की एक ऐसी महान शासिका थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, सुशासन, लोकसेवा और जनकल्याण के उच्चतम मानक स्थापित किए। उन्होंने सदैव प्रजा के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए अनुकरणीय कार्य किए। उनकी प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता, करुणा और न्यायप्रियता आज भी आधुनिक शासन-प्रशासन के लिए एक शाश्वत प्रेरणास्रोत है। :: विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास :: मुख्यमंत्री ने देश के समकालीन विकास को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी कड़ी में, देवी अहिल्याबाई के आदर्शों और लोक कल्याणकारी दृष्टिकोण को आत्मसात कर मध्य प्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि देवी अहिल्याबाई ने न केवल मालवा, बल्कि संपूर्ण देश में धर्म, संस्कृति और लोकोपकार के कार्यों को एक नई दिशा प्रदान की थी। राज्य सरकार के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोकमाता के विचारों, जीवन मूल्यों और उनकी गौरवशाली विरासत को संरक्षित कर जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयासरत है। लोकमाता का जीवन सेवा, समर्पण और सुशासन का वह जीवंत उदाहरण है, जिससे वर्तमान पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, उषा ठाकुर, डॉ. निशांत खरे, गौरव रणदिवे, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा एवं पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और राष्ट्रप्रेमी उपस्थित थे। प्रकाश/31 मई 2026