राज्य
31-May-2026
...


:: शहर में खुलेंगे तीन नए थाने, बेड़े में शामिल हुए 18 हाईटेक ड्रोन; इंदौर ट्रैफिक साथी मोबाइल एप का भी हुआ शुभारंभ :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को स्थानीय डीआरपी लाइन में ‘डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट’ का लोकार्पण तथा ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल एप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 18 अत्याधुनिक हाईटेक ड्रोन्स को इंदौर पुलिस के बेड़े में शामिल कराया। कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और निगरानी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह व्यवस्था पुलिस की तीसरी आंख के रूप में कार्य करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों की मांग पर इंदौर शहर में तीन नए पुलिस थाने खोलने और क्रमबद्ध रूप से पुलिस बल की कमी को पूरा करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा के साथ स्पष्ट किया कि पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष 22 हजार 500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड की स्थापना भी की जा रही है। उन्होंने सचेत किया कि जहाँ सरकार कर्तव्य पालन में पुलिस के साथ खड़ी है, वहीं नागरिकों को बेवजह होने वाली परेशानी या दायित्वों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रोन पुलिस की इस अवधारणा को इंदौर की देन बताते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के क्षेत्र में यह पहल पूरे देश के लिए एक नजीर साबित होगी। इंदौर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार विरासत से विकास के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर ने जिस इंदौर को सेवा, सुशासन और जनकल्याण के जीवन मूल्यों से सींचा था, आज वही शहर नवाचार और तकनीकी प्रगति के क्षेत्र में देश के समक्ष उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। विज्ञान वास्तव में लोक-कल्याणकारी राज्य के लिए वरदान सिद्ध हो रहा है, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ने के साथ नागरिकों को सुलभ सेवाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डिस्ट्रिक्ट ड्रोन यूनिट से सुरक्षा तंत्र को नई ऊर्जा मिलेगी, वहीं ट्रैफिक साथी एप के माध्यम से वाहन चालकों को पार्किंग की सही लोकेशन जानने में मदद मिलेगी। :: दो किलोमीटर के दायरे में होगी निगरानी :: पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि बेड़े में शामिल किए गए सभी 18 ड्रोन दो किलोमीटर के दायरे में भीड़ प्रबंधन, यातायात और अपराध नियंत्रण पर पैनी नजर रखने में सक्षम हैं। पूर्व में इंदौर की ऐतिहासिक रंगपंचमी गेर और धार की भोजशाला में व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तकनीक का सफल परीक्षण किया जा चुका है। समारोह में सीएसआर के अंतर्गत पुलिस प्रशासन को प्राप्त चार अत्याधुनिक मोटरसाइकिल और पांच बोलेरो वाहनों को भी मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, स्थानीय विधायकगण, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और ट्रैफिक प्रहरी उपस्थित थे। प्रकाश/31 मई 2026