अंतर्राष्ट्रीय
01-Jun-2026
...


ईरानी राष्ट्रपति और आईआरजीसी के बीच भारी मतभेद तेहरान,(ईएमएस)। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और समझौते की अटकलों के बीच, ईरान के शीर्ष नेतृत्व में गहरे मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अपने पद से इस्तीफे की पेशकश की है। इस कदम के पीछे की मुख्य वजह ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के साथ उनके बढ़ते वैचारिक और प्रशासनिक मतभेद बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति पेजेशकियन ने देश के सुप्रीम लीडर के कार्यालय को अपना इस्तीफा सौंपा है। सूत्रों का दावा है कि राष्ट्रपति इस बात से बेहद आहत हैं कि आईआरजीसी ने सरकार के एक बड़े हिस्से पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है। इसके चलते युद्ध और रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में राष्ट्रपति और उनके कैबिनेट मंत्रियों के अधिकारों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रपति पेजेशकियन और आईआरजीसी प्रमुख के बीच पिछले कई हफ्तों से गंभीर विवाद चल रहा था। राष्ट्रपति का मानना है कि सेना जिस तरह से इस सैन्य गतिरोध को लंबा खींच रही है, उससे ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह तबाह हो रही है और आम जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे दबावपूर्ण माहौल में वे सरकार चलाने या अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने में असमर्थ हैं, इसलिए उन्हें पद से मुक्त कर दिया जाए। ईरान सरकार ने कहा- ये साजिश का हिस्सा दूसरी तरफ, ईरान सरकार ने इन सभी दावों और खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय ने इन रिपोर्टों को तेहरान की छवि खराब करने की एक अंतरराष्ट्रीय साजिश करार दिया है। राष्ट्रपति कार्यालय के सूचना विभाग के प्रमुख सैयद मेहदी तबातबाई ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि विदेशी नेटवर्क केवल मनगढ़ंत अफवाहें फैला रहे हैं, जिनमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति पेजेशकियन जनता की सेवा के अपने संकल्प पर अडिग हैं और ईरान की आंतरिक एकता को प्रभावित करने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी। वीरेंद्र/ईएमएस/01जून2026