क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे तहसीलदार - नायब तहसीलदार, राजस्व कार्य प्रभावित होने के आसार रायपुर(ईएमएस)। मैनपाट के राजापुर उप तहसील में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट के मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से प्रशासनिक अधिकारियों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। अधिकारियों के सामूहिक अवकाश पर रहने से राजस्व समेत कई शासकीय कार्य प्रभावित होने की संभावना है। संघ का कहना है कि घटना के विरोध में 29 मई को पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया गया था और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई थी। लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं होने से राजस्व अधिकारियों और कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों में गहरा आक्रोश है। अधिकारियों का मानना है कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई नहीं होती है तो प्रशासनिक अमले का मनोबल प्रभावित होगा और कार्यस्थलों पर असुरक्षा की भावना बढ़ेगी। बता दे कि यह घटना सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र स्थित राजापुर उप तहसील की है। आरोप है कि रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था। उनका आरोप है कि कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद काम नहीं हुआ। 27 मई को जब वे पुनः कार्यालय पहुंचीं और नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया, तो दोनों के बीच विवाद हो गया। सीमा धनकी ने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा गया। इसके बाद मामले की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी गई। आरोप है कि शाम को विधायक के समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंचे। बाद में नायब तहसीलदार तुषार मानिक और एसडीएम फागेश सिन्हा को भी राजापुर बुलाया गया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना हुई। तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके साथ मारपीट की। वहीं दूसरी ओर विधायक पक्ष ने नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार और महिला के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। मामले में दोनों पक्षों की ओर से काउंटर एफआईआर दर्ज की गई है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ महिला संबंधी अपराध, सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय व्यवहार और आपराधिक धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटना के विरोध में 29 मई को प्रदेशभर के 500 से अधिक तहसीलदार और नायब तहसीलदार एक दिन की हड़ताल पर रहे थे। इसका असर रायपुर, रायगढ़, सरगुजा समेत कई जिलों में राजस्व कार्यों पर पड़ा था। अब संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है, जिससे नामांतरण, बंटवारा, राजस्व न्यायालयों की सुनवाई, प्रमाण पत्र जारी करने और अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01 जून 2026