क्षेत्रीय
01-Jun-2026
...


- वीआईपी कल्चर के खिलाफ युवक का विरोध, पुलिस करती रही मनुहार - राज्यपाल के काफिले के लिए रोका गया था ट्रैफिक बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में वीआईपी मूवमेंट के कारण ट्रैफिक रोकने पर एक युवक ने बीच सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना रविवार की है, जब ओल्ड एयरपोर्ट रोड से राज्यपाल थावरचंद गहलोत का काफिला गुजरने वाला था। इसी दौरान ट्रैफिक पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे एक युवक अपनी गर्भवती पत्नी के साथ जाम में फंस गया और नाराज होकर सड़क पर धरने पर बैठ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाल टी-शर्ट पहने युवक ने वीआईपी मूवमेंट के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सड़क पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया। युवक का कहना था कि उसकी गर्भवती पत्नी लंबे समय से ट्रैफिक में फंसी हुई है और इस तरह आम लोगों को परेशान करना गलत है। बेंगलुरु में पहले से ही भारी ट्रैफिक समस्या बनी रहती है। ऐसे में वीआईपी मूवमेंट के दौरान लागू किए जाने वाले ‘जीरो ट्रैफिक प्रोटोकॉल’ के कारण लोगों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। घटना के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने युवक को समझाने की कोशिश की और उसे वैकल्पिक रास्ते की सुविधा देने का भी प्रस्ताव दिया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। काफी देर तक पुलिसकर्मी युवक को मनाते रहे। बाद में समझाइश के बाद उसे सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत का काफिला गुजरने के कारण ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह रोक दिया गया था। इसी वजह से युवक नाराज हो गया और उसने सड़क पर बैठकर विरोध जताया। घटना के बाद एक बार फिर वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानियों पर बहस शुरू हो गई है। रामयश/ईएमएस 01 जून 2026